सुकमा में सजेगा युवा प्रतिभाओं का मंच

सुकमा, 25 अक्टुबर 2026/sns/-जिले के युवाओं की रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी 28 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। शबरी ऑडिटोरियम सुकमा में सुबह 10ः00 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए विविध विधाओं में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक और पारंपरिक वेशभूषा जैसी सांस्कृतिक विधाओं के साथ-साथ “विकसित भारत चौलेंज ट्रेक“ और “क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज“ जैसे आधुनिक व नवाचारी मंच भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आपसी एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ बनाना है।
प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय व अशासकीय महाविद्यालयों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और लाइवलीहुड कॉलेज सहित समस्त शिक्षण संस्थानों को पत्र जारी कर छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विधा के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए न्यूनतम 3 विधा विशेषज्ञों को निर्णायक नियुक्त किया जाएगा। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को जिला स्तर पर प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तर पर चयनित और विजेता प्रतिभागी आगामी 1 से 7 दिसंबर 2026 के मध्य बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सुकमा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अतिरिक्त, राज्य स्तर से चयनित दल 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव के मुख्य मंच तक पहुंचेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए ‘MY Bharat’ पोर्टल पर अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे सुकमा की स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर पहचान मिल सके।

About The Author