शासकीय आईटीआई सरिया में जिला स्तरीय रोजगार मेला 30 अक्टूबर को निजी क्षेत्र के 266 पदों पर भर्ती का अवसर, मेला स्थल पर भी होगी पंजीयन की सुविधा
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 28 अक्टूबर 2026/sns/- स्थानीय आवेदकों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 30 अक्टूबर, शुक्रवार को प्रातः 10.30 बजे से शासकीय आईटीआई सरिया में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा कुल 266 पदों पर भर्ती के लिए आवेदकों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए आवेदकों का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत होना आवश्यक है। मेला स्थल पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। योग्यताधारी आवेदक अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित होकर मेले में भाग ले सकते हैं। रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल तथा संबंधित कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेसर्स श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा द्वारा टेक्नीशियन के 59 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं अथवा आईटीआई निर्धारित है। इन पदों के लिए पुरुष आवेदक पात्र होंगे। कार्यक्षेत्र सारंगढ़ रहेगा तथा वेतन 15 हजार 100 रुपये निर्धारित है।
मेसर्स स्वतंत्र माइक्रो फिन प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं अथवा 12वीं उत्तीर्ण आवेदक पात्र होंगे। इन पदों के लिए सभी आवेदक भाग ले सकते हैं। कार्यक्षेत्र सरिया, बसना एवं सारंगढ़ रहेगा तथा वेतन 12 हजार 200 रुपये निर्धारित है।
इसी प्रकार मेसर्स टीपीएल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद द्वारा टेक्नीशियन के 5, फिटर के 50, ग्राइंडर ऑपरेटर के 20, लेथ मशीन ऑपरेटर के 5, वेल्डर के 17, टर्नर के 5, क्रेन ऑपरेटर के 10, मशीन ऑपरेटर के 15 और हेल्पर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। टेक्नीशियन, फिटर, ग्राइंडर ऑपरेटर, लेथ मशीन ऑपरेटर, वेल्डर, टर्नर एवं क्रेन ऑपरेटर के लिए आईटीआई, मशीन ऑपरेटर के लिए डिप्लोमा अथवा आईटीआई और हेल्पर के लिए 12वीं उत्तीर्ण योग्यता निर्धारित है।
टीपीएल सर्विस के इन पदों के लिए पुरुष आवेदक पात्र होंगे। सभी पदों के लिए दो वर्ष का कार्यानुभव तथा 14 हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन निर्धारित है। चयनित आवेदकों का कार्यक्षेत्र जेएसपीएल रायगढ़ होगा।