प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किश्त 30 अक्टूबर को होगी जारी

मुंगेली, 29 अक्टूबर 2026/sns/- किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने और कृषि कार्यों में सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 30 अक्टूबर 2026 को 24वीं किश्त की राशि किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से इस राशि का हस्तांतरण करेंगे। इस अवसर पर जिले के 86 हजार 231 पात्र कृषकों के खातों में कुल 17 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इससे जिले के हजारों किसान परिवारों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
कृषि विभाग के उपसंचाचलक ने बताया कि 24वीं किश्त के हस्तांतरण के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, चमारी ढकेलकापा में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 10 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें लाभार्थी किसान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। जिले के सभी विकासखंडों में प्रधानमंत्री कृषि समृद्धि केंद्रों के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया जाएगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत स्तर पर मैदानी अमले द्वारा भी कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसान इस कार्यक्रम से जुड़ सकें और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण किसान हितैषी योजना है। योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किश्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। इस सहायता से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है।

About The Author