डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के निराकरण के लिए 4 नवंबर को लगेगी डाक अदालत
सुकमा, 28 अक्टुबर 2026/sns/- डाक ग्राहकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और डाक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधीक्षक डाकघर, बस्तर संभाग, जगदलपुर द्वारा आगामी 4 नवंबर 2026, बुधवार को संभागीय स्तर पर ‘डाक अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत प्रातः 11 बजे प्रधान डाकघर, जगदलपुर की दूसरी मंजिल पर स्थित कार्यालय अधीक्षक डाकघर, बस्तर संभाग के कक्ष में आयोजित होगी। इसमें डाक सेवाओं से संबंधित ग्राहकों की शिकायतों पर प्रत्यक्ष चर्चा कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
डाक अदालत में डाक वस्तुओं के वितरण में देरी या अन्य समस्याओं, डाकघर की काउंटर सेवाओं, लघु बचत योजनाओं जैसे आवर्ती जमा (आरडी), बचत बैंक एवं बचत पत्र, रजिस्ट्री, मनीऑर्डर, वीपीपी पार्सल, एक्सप्रेस पार्सल, स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा (पीएलआई) तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) से संबंधित शिकायतों पर विचार किया जाएगा। डाक विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों का पूरा विवरण और संबंधित प्रकरण की जानकारी देते हुए लिखित आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
शिकायत दर्ज कराने की अंतिम तिथि 2 नवंबर 2026, सोमवार को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है इच्छुक ग्राहक अपनी शिकायतें अधीक्षक डाकघर, बस्तर संभाग, जगदलपुरदृ494001 के कार्यालय में निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रस्तुत करें। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त शिकायतों को इस डाक अदालत में शामिल नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ता निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रधान डाकघर, जगदलपुर में उपस्थित होकर भी डाक अदालत में सम्मिलित हो सकते हैं। डाक विभाग ने सभी संबंधित ग्राहकों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।