जिला चिकित्सालय में मिल रही स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार एवं परामर्श की सुविधा

मुंगेली, 31 अक्टूबर 2026/sns/- जिला चिकित्सालय में संचालित फिजियोथेरेपी विभाग के माध्यम से मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार एवं परामर्श की सुविधा मिल रही है। सीएमएचओ ने बताया कि सुरीघाट निवासी एक महिला को कमर दर्द की समस्या से फिजियोथेरेपी के माध्यम से राहत मिली है। सुरीघाट निवासी महिला पिछले करीब 15 वर्षों से कमर दर्द की समस्या से परेशान थीं। लंबे समय तक दर्द बने रहने के कारण उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही थी। उठने-बैठने, चलने-फिरने और सामान्य घरेलू कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ता था। दर्द से राहत पाने के लिए उन्होंने कई अस्पतालों में उपचार कराया, लेकिन समस्या बनी रही। आखिरकार वे जिला चिकित्सालय मुंगेली पहुंचीं, जहां फिजियोथेरेपी विभाग में उन्हें उपचार एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिला।
जिला चिकित्सालय के फिजियोथेरेपी विभाग में मरीज की स्थिति और परेशानी के अनुरूप उपचार किया गया। फिजियोथेरेपिस्ट के मार्गदर्शन में आवश्यक व्यायाम, शारीरिक मुद्रा में सुधार तथा अन्य उपयुक्त फिजियोथेरेपी तकनीकों के माध्यम से दर्द को नियंत्रित करने और शारीरिक गतिविधियों को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। फिजियोथेरेपिस्ट ने बताया कि उपचार का उद्देश्य केवल दर्द में राहत देना ही नहीं, बल्कि मरीज की कार्यक्षमता बढ़ाना और उसे दैनिक गतिविधियां अधिक सहजता से करने में सक्षम बनाना भी है। लंबे समय से बनी शारीरिक समस्याओं में उचित चिकित्सकीय जांच, विशेषज्ञों की सलाह और नियमित उपचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

About The Author