पीएमएफएमई योजना के तहत सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना एवं उन्नयन के लिए 15 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
अम्बिकापुर, 04 नवम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना’ (PMFME) के अंतर्गत सरगुजा जिले के इच्छुक युवाओं, किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों (SHGs), कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) एवं नवीन उद्यमियों से नए सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने अथवा पूर्व से स्थापित इकाइयों के उन्नयन एवं विस्तार हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक 15 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थानीय कृषि तथा वनोपज आधारित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। जिले की विशेष पहचान जीराफूल चावल, महुआ, इमली, चिरौंजी, शहद, कटहल, आम, लीची, टाऊ, कोदो-कुटकी (मिलेट्स) एवं विभिन्न मसाला व दुग्ध उत्पादों के प्रसंस्करण की दिशा में उद्यमियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
इस हेतु आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता का कोई बंधन नहीं। एक परिवार से एक ही व्यक्ति पात्र होगा। आवेदक किसी बैंक वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर न हो।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र (बिजली / राशन कार्ड), बैंक पासबुक/ पिछले 6 माह का स्टेटमेंट, पासपोर्ट साइज फोटो, प्लांट/ मशीनरी/ उपकरण हेतु कोटेशन एवं अन्य उपलब्ध दस्तावेज है।
आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 शाम 05ः30 बजे तक निर्धारित है। आवेदक ऑनलाइन आवेदन पोर्टल www.pmfme.mofpi.gov.in पर कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन एवं ऑनलाइन आवेदन में सहायता के लिए इच्छुक आवेदक किसी भी कार्यालयीन दिवस में कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अंबिकापुर अथवा जिला रिसोर्स पर्सन (DPR) से सीधे संपर्क कर सकते हैं।