सीएम हेल्पलाइन के शिकायत आवेदनों का प्राथमिकता से करें निराकरण
मोहला, 12 नवंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं शासकीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, पारस पोर्टल, बस्तर मुन्ने अभियान तथा निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री उज्ज्वल पोरवाल, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, संयुक्त कलेक्टर श्री सुमीत गर्ग, एसडीएम मोहला सुश्री शुभांगी गुप्ता, एसडीएम मानपुर श्री डीआर ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती सलाम ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायत आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभागीय अधिकारी प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ अवलोकन करें तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से स्पेशल क्लोजर श्रेणी के आवेदनों का गहन अध्ययन कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जा सके। इसी प्रकार उन्होंने पारस पोर्टल के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को एजेंडा-वार प्रगति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बस्तर मुन्ने अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक कार्ड, आधार कार्ड एवं जननी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के सेचुरेशन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत संचालित निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
- जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियां समय-सीमा में करें पूर्ण
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आगामी जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को कार्य विभाजन कर सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर जनजातीय समुदायों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए पर्याप्त संख्या में स्टॉल की व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन एवं जनजातीय समुदायों को बेहतर मंच मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
- जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव का आयोजन
- लोक नृत्य महोत्सव में जनजातीय लोक संस्कृति और परंपराओं की दिखी अनूठी छटा, मादरी नृत्य दल ग्राम उरझे ने हासिल किया प्रथम स्थान
- रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करेगा प्रथम स्थान प्राप्त नृत्य दल मोहला 12 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के तहत आयोजित जनजातीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न नृत्य दलों एवं कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और मनमोहक नृत्यों की अनुपम छटा देखने को मिली। मांदर की थाप और पारंपरिक लोक धुनों ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं उल्लास से सराबोर कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।