बस्तर ओलंपिक 2026 के भव्य आयोजन की तैयारियां तेज, सीईओ जिला पंचायत ने ली अधिकारियों की वर्चुअल बैठक
सुकमा, 12 नवम्बर 2026/sns/-जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और “बस्तर ओलंपिक 2026“ के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को अपराह्न 12ः00 बजे एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सीईओ श्री ठाकुर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, खेल मैदानों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण प्रतिभाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जिम्मेदारी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिले के तीनों विकासखण्डों कोंटा, सुकमा और छिंदगढ़ में 16 से 19 नवम्बर 2026 तक सेक्टर एवं जोनवार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत कोंटा विकासखण्ड के जगरगुण्डा, दोरनापाल, एर्राबोर और कोंटा क्लस्टर के मुकाबले खेल मैदान जगरगुण्डा एवं स्वामी आत्मानंद खेल मैदान (मिनी स्टेडियम) कोंटा में संपन्न होंगे। इसी प्रकार सुकमा विकासखण्ड के केरलापाल, गादीरास, सोनाकुकानार और सुकमा जोन की प्रतियोगिताएं हड़मा स्टेडियम एवं पुलिस लाइन खेल मैदान सुकमा में आयोजित की जाएंगी। वहीं, छिंदगढ़ विकासखण्ड के छिंदगढ़, तोंगपाल, कुकानार और पुसपाल सेक्टर के मैच एकल स्थल मिनी स्टेडियम छिंदगढ़ एवं इन्डोर बैडमिंटन हॉल छिंदगढ़ में खेले जाएंगे।
सेक्टर एवं जोन स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जिसके अंतर्गत चारों जोन के एकल खेलों के प्रथम व द्वितीय विजेता तथा दलीय खेलों के प्रथम स्थान प्राप्त विजेता दल विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक, विकासखण्ड स्तरीय दो दिवसीय फाइनल मुकाबले (सुकमा ब्लॉक में 22 व 23 नवम्बर सहित) संपन्न कराए जाएंगे। इसके पश्चात, तीनों विकासखण्डों के ब्लॉक स्तरीय फाइनल में प्रथम स्थान प्राप्त विजेता दल और एकल खेलों के प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी 26 एवं 27 नवम्बर को सुकमा मुख्यालय स्थित हड़मा स्टेडियम एवं पुलिस लाइन खेल मैदान में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय ओलंपिक प्रतियोगिता के फाइनल चरण में अपनी खेल प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।
इस महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में सुकमा, कोंटा एवं छिंदगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला शिक्षा अधिकारी सुकमा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुकमा, प्रभारी जिला खेल अधिकारी सुकमा सहित तीनों विकासखण्डों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं खंड शिक्षा अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों से खिलाड़ियों की समय पर उपस्थिति और आयोजन स्थल पर पेयजल, चिकित्सा व सुरक्षा जैसी समस्त व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखें, ताकि बस्तर ओलंपिक 2026 को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जा सके।