दुर्गम रास्ते, अटूट संकल्प, मोटर साइकिल से एलेंगनार पहुंचे कलेक्टर-सीईओ


सुकमा, 11 नवम्बर 2026/sns/- दुर्गम पहाड़ियों और पथरीले रास्तों की बाधाएं भी जब जनसेवा के संकल्प को न डिगा सकें, तो प्रशासन जनता के दिलों में उतर जाता है। बस्तर के सुदूर वनांचल में बुधवार को कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब कलेक्टर श्री अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर सुरक्षा के तामझाम को पीछे छोड़ खुद मोटरसाइकिल पर सवार होकर छिंदगढ़ विकासखंड के अंतिम पहुंचविहीन गांव एलेंगनार पहुंचे। आजादी की अलख जगाने वाले 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह के जननायक अमर शहीद डेबरीधुर की पावन जन्मस्थली तक पहुंचने के लिए दोनों अफसरों ने बीहड़ और ऊबड़-खाबड़ पगडंडियों का सफर तय कर यह संदेश दिया कि राज्य सरकार की योजनाओं की रोशनी अब अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगी।
एलेंगनार पहुंचते ही अधिकारियों का रुख सीधे बुनियादी सेवाओं की नब्ज टटोलने पर रहा। कलेक्टर ने सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्र का सघन निरीक्षण किया। वहां बच्चों, गर्भवती व शिशुवती माताओं के पोषण आहार की स्थिति जानी, भंडारण कक्ष व रसोईघर का जायजा लिया और खराब पड़ी वजन मशीन को देखकर उसे तत्काल बदलने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही गांव में नवीन आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस (राशन दुकान) भवन निर्माण की स्वीकृति दी। वहीं, निर्माणाधीन प्राथमिक शाला की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश देते हुए उन्होंने गांव तक बनने वाली सड़क का निरीक्षण किया, जिसके लिए ठेकेदार ने छह माह में उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिया।
इस दौरे का सबसे संवेदनशील और आत्मीय पहलू गांव की चौपाल में देखने को मिला। ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर कलेक्टर-सीईओ ने परिवार के मुखिया की तरह पीएम आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड जैसी जरूरी योजनाओं की हकीकत जानी। शहीद डेबरीधुर के प्रति ग्रामीणों की अगाध आस्था और जनभावना का सम्मान करते हुए कलेक्टर ने गांव के प्रमुख चौक के सौंदर्यीकरण और वहां शहीद की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर देवगुड़ी निर्माण, खेल मैदान और सामुदायिक भवन की स्थापना के लिए पंचायत को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे वर्षों से उपेक्षित महसूस कर रहे ग्रामीणों के चेहरों पर भरोसा लौट आया।
समीक्षा का यह संवेदनशील सिलसिला झीरम पंचायत में भी जारी रहा, जहां कलेक्टर और सीईओ ने बच्चों के प्रति अनूठी संवेदनशीलता दिखाई। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए बने भोजन की पौष्टिकता जांचने के लिए कलेक्टर और सीईओ ने स्वयं भोजन चखा और गुणवत्ता का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया। आंगनबाड़ी में बच्चों को किताब पढ़ते और गिनती सीखते देख अधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूल परिसर को सुंदर बनाने हेतु पेवर ब्लॉक, टाइल्स और आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, निर्माणाधीन पंचायत भवन और बाउंड्रीवॉल का कार्य समय-सीमा व मानकों के अनुरूप पूरा करने की हिदायत दी।
दौरे के अंतिम पड़ाव में टाहकवाड़ा पंचायत पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों की खुली बैठक लेकर विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा की। यहां पीएम आवासों की प्रगति, शौचालयों की उपयोगिता, स्वास्थ्य सुविधाओं और आगामी धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर गहन विमर्श हुआ। कलेक्टर ने मौके पर स्पष्ट किया कि क्षेत्र के किसी भी जर्जर शासकीय भवन को नियमानुसार एसडीएम के माध्यम से जर्जर घोषित कराएं, ताकि वहां बिना किसी देरी के नए शासकीय भवनों की स्वीकृति जारी की जा सके। अफसरों की इस सादगी, तत्परता और जमीनी सक्रियता ने बस्तर के दूरस्थ अंचलों में सुशासन और विकास के एक नए युग का विश्वास जगा दिया है। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता पीएम ग्राम सड़क योजना, जनपद सीईओ श्री शंकर बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author