सुकमा के होनहारों ने नीट और जेईई में रचा इतिहास
सुकमा, 10 नवम्बर 2026/sns/- दूरस्थ वनांचल और नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले सुकमा जिले में अब उम्मीद और विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। जिला प्रशासन की दूरगामी सोच और निःशुल्क कोचिंग पहल ‘क्षितिज’ ने अभावों में पल रहे ग्रामीण किसान परिवारों के बच्चों के सपनों को पंख दिए हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षाओं नीट (NEET) और जेईई (JEE) में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के 2 प्रतिभावान छात्रों ने एमबीबीएस तथा 4 छात्रों ने देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश पाकर जिले का मान बढ़ाया है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच मिली यह सफलता साबित करती है कि यदि सही मार्गदर्शन मिले, तो बस्तर की माटी से भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं निखर सकती हैं।
मंगलवार को कलेक्टोरेट कार्यालय में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने इन सभी सफल विद्यार्थियों से आत्मीय व परिचयात्मक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों के कड़े संघर्ष और लगन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। छात्रों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनका उत्साहवर्धन करते हुए कलेक्टर ने सभी को अत्याधुनिक सैमसंग मोबाइल फोन उपहार स्वरूप भेंट किए, ताकि वे उच्च शिक्षा के दौरान तकनीकी रूप से सशक्त रहकर अपनी पढ़ाई निरंतर सुचारू रख सकें। प्रशासन द्वारा मिले इस सम्मान और स्नेह से छात्रों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी की नई चमक दिखाई दी।
चिंगावरम निवासी छात्रा साक्षी माड़वी ने बताया कि “एक ग्रामीण परिवार से निकलकर डॉक्टर बनने का सपना देखना आसान नहीं था, लेकिन जिला प्रशासन की निःशुल्क ‘क्षितिज कोचिंग’ ने मेरे इस सपने को नई दिशा दी। शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रशासन के निरंतर सहयोग से ही मेरा चयन नीट में हुआ और मुझे स्व. बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर में एमबीबीएस के लिए प्रवेश मिला है। मैं अपनी पढ़ाई पूरी कर एक कुशल डॉक्टर बनकर अपने जिले और वनांचल के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहती हूँ।“
कोर्रा निवासी आशीष कुंजाम ने बताया कि “पिता का साया सिर पर न होने और घर की आर्थिक स्थिति केवल खेती-किसानी पर टिके होने के कारण आगे की राह बेहद कठिन लग रही थी। ऐसे मुश्किल वक्त में जिला प्रशासन की निःशुल्क ‘क्षितिज कोचिंग’ मेरे लिए सबसे बड़ा संबल बनी। यहाँ मिले मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और मेरी लगन के दम पर ही आज मेरा चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज, दंतेवाड़ा में एमबीबीएस के लिए संभव हो सका है। डॉक्टर बनकर मैं अपने परिवार का सहारा बनने के साथ-साथ सुकमा के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंचाना चाहता हूँ।“
सुनील कुमार ने बताया कि “एक साधारण किसान परिवार से होने के कारण बड़े इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लेना एक सपने जैसा लगता था। लेकिन जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क ‘क्षितिज कोचिंग’ ने मेरी इस राह को बेहद आसान बना दिया। शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और मेरी लगन के दम पर ही आज मेरा चयन सीएसआईटी रायपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए हुआ है। हमारे जैसे ग्रामीण छात्रों पर विश्वास जताने और हमें यह अवसर व संसाधन उपलब्ध कराने के लिए मैं जिला प्रशासन का हृदय से आभारी हूँ।“
मनीता नाग ने बताया कि “एक ग्रामीण किसान परिवार से निकलकर तकनीकी शिक्षा की राह चुनना मेरे लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन जिला प्रशासन की निःशुल्क ‘क्षितिज कोचिंग’ ने इसे मुमकिन बना दिया। यहाँ मिले सही मार्गदर्शन और शिक्षकों के निरंतर सहयोग के बल पर ही आज मेरा चयन सीएसआईटी जगदलपुर में सिविल इंजीनियरिंग के लिए हुआ है। हम जैसे दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए मैं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करती हूँ।“
इसी प्रकार क्षितिज कोचिंग से पढ़कर गगन करतामी ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन और कृष्णा दिरदो ने कंप्यूटर साइंस एंड एआई में सीएसआईटी जगदलपुर में एडमिशन लिया। छात्रों ने निःशुल्क क्षितिज कोचिंग के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि ‘क्षितिज’ कोचिंग का उद्देश्य जिले के अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण तकनीकी व उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी होनहार प्रतिभा केवल साधनों के अभाव में पीछे न छूटे। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जिला प्रशासन युवाओं को शिक्षा के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस गरिमामय अवसर पर सहायक आयुक्त श्री हेमंत सिन्हा, परियोजना अधिकारी श्री आशीष राम, पीपीआईए फेलो सुश्री अर्कजा, सुश्री सोनम सिंह तथा श्री निराजित पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे और सभी ने सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।