अन्नदाताओं के स्वागत को तैयार प्रशासन, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान आज से
सुकमा, 14 नवम्बर 2026/sns/- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सुकमा जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के महाअभियान की शुरुआत होने जा रही है, जो 15 जनवरी 2027 तक निरंतर चलेगा। कलेक्टर श्री अमित कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी 27 धान उपार्जन केंद्रों पर तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। दूरस्थ अंचल के अन्नदाताओं को राहत देने के लिए प्रशासन ने इस वर्ष बुड़दी और बड़ेसेट्टी में दो नए उपार्जन केंद्रों की सौगात भी दी है। पारदर्शी खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए केवल वास्तविक किसानों और बीज उत्पादकों को ही पात्र माना गया है, जबकि निजी कंपनियों, ट्रस्ट और समितियों को इससे बाहर रखा गया है। इसके अतिरिक्त, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 07864-284012 भी सक्रिय किया गया है।
प्रशासन की इस सुव्यवस्थित पहल के तहत इस वर्ष जिले के 18,641 पंजीकृत किसान अपने 36,389.55 हेक्टेयर रकबे की उपज का विक्रय कर सकेंगे। शासन के निर्देशानुसार किसान प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच पाएंगे, जिसके लिए कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये तथा ग्रेड-ए धान का मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। अन्नदाताओं को उपार्जन केंद्रों के अनावश्यक चक्कर और लंबी कतारों से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने “तुंहर टोकन“ मोबाइल ऐप की डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे किसान घर बैठे ही अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
जिले के वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतर्राज्यीय नाकों पर 14 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, साथ ही सभी सातों तहसीलों में विशेष उड़नदस्ता दलों की तैनाती की गई है। ये दल चौबीसों घंटे मुस्तैद रहकर सीमा पार से होने वाली अवैध आवक और कोचियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे, ताकि सुकमा के किसानों का हक पूरी तरह सुरक्षित रहे।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता के साथ-साथ अन्नदाताओं के सम्मान स्वरूप पेयजल, छाया और बैठक की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी है कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा।