सीमावर्ती और अंदरूनी अंचलों में विकास को गति देने कलेक्टर ने संभाला मोर्चा
सुकमा, 14 नवम्बर 2026/sns/- जिले के अंतिम छोर पर बसे सीमावर्ती और अंदरूनी गांवों तक शासन की योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने शुक्रवार को कोंटा विकासखंड में मैदानी स्तर पर सघन दौरा किया। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल के तहत अधिकारियों ने एर्राबोर, बंडा, किंदरेलपाड़, कन्हईपाड़, नूलकातोंग और मेहता जैसे सुदूर अंचलों में पहुंचकर निर्माणाधीन पंचायत भवन, आश्रम, स्कूल और सड़कों की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया कि दूरस्थ क्षेत्रों के विकास में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं होगा। इसी क्रम में एर्राबोर में निर्माणाधीन श्पंचायत कैफेश् का जायजा लेते हुए उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और इस नवाचार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मौके पर ही कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को हरी झंडी दी। किंदरेलपाड़ स्कूल में बच्चों के लिए पहुंच मार्ग न होने की समस्या पर उन्होंने तत्काल सीसी व पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान की, वहीं कन्हईपाड़ और नूलकातोंग के स्कूलों में सुरक्षा व पेयजल के लिए फेंसिंग, किचन शेड, बिजली वायरिंग और बोरवेल निर्माण को मंजूरी दी। शासकीय शालाओं में बच्चों के बीच पहुंचकर कलेक्टर ने आत्मीय संवाद किया और 1 से 100 तक गिनती, अंग्रेजी व हिंदी वर्णमाला पूछकर उनकी शैक्षणिक दक्षता परखी तथा खेलों को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट किट भी भेंट की। इस दौरान बंडा पंचायत भवन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली दुकान और सीएससी केंद्र शुरू करने के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई कि अब उन्हें राशन के लिए कोंटा तक की लंबी दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, बल्कि बांदा में ही खाद्यान्न उपलब्ध होगा।
बुनियादी ढांचे की मजबूती के साथ-साथ कलेक्टर ने मानवीय संवेदनाओं और आजीविका संवर्धन पर भी विशेष जोर दिया। एसडीएम कार्यालय कोंटा में उन्होंने सलवा जुडूम के दौरान आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में विस्थापित हुए परिवारों से मुलाकात कर उनकी घर वापसी की मांग को गंभीरता से सुना और नियमानुसार उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। दूसरी ओर, नूलकातोंग में ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने श्कृषक उन्नति योजनाश् के लाभों की जानकारी दी और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचकर सीधे उपार्जन केंद्रों में धान बेचने के लिए प्रेरित किया।
सघन दौरे के दौरान कलेक्टर एवं सीईओ ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किंडरेलपाड़-कन्हईपाड़ मार्ग, मेहता में निर्माणाधीन आश्रम भवन और कोंटा-गोल्लापल्ली पीडब्ल्यूडी सड़क के कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों को शिक्षा, सड़क, पेयजल और राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग पूर्ण समन्वय और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।