सरगुजा में “जनजातीय गौरव सप्ताह” का होगा भव्य आयोजन
अम्बिकापुर, 14 नवम्बर 2026/sns/- भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में 11 से 18 नवंबर तक श्जनजातीय गौरव सप्ताहश् उल्लासपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 18 नवंबर 2026 को अम्बिकापुर स्थित स्थानीय राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति और उनके गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिलेगी।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग अम्बिकापुर डॉ ललित शुक्ला ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) द्वारा विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियां कराई जाएंगी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व जनजातीय प्रमुखों का होगा सम्मान
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह होगा, जिसमें जनजातीय क्रांति के नायकों एवं जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख जनजाति एवं उप-जनजातियों के प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा।
प्रदर्शनी, क्राफ्ट और व्यंजन मेले का होगा आयोजन
जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन के तहत ऑडिटोरियम में जनजातीय विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अंतर्गत क्राफ्ट, कला, शिल्प, पारंपरिक व्यंजन और पुस्तक मेले के स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।