चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर बीजापुर में अलर्ट, किसानों को फसल सुरक्षित
बीजापुर 16 नवंबर 2026/sns/- भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से जिले में 20 से 21 नवंबर के बीच बारिश एवं तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन ने किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने तथा फसलों एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की अपील की है।
धान एवं मक्का की तैयार फसल को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह- कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि जिन खेतों में धान, मक्का एवं अन्य खरीफ फसलें पककर तैयार हो चुकी हैं, उनकी कटाई मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शीघ्र पूरी कर लें। बारिश शुरू होने से पहले कटी हुई फसलों को सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि संभावित बारिश से फसलों को नुकसान न पहुंचे। विभाग ने बताया कि खेतों में कटी हुई फसल को खुले में छोड़ने से बारिश के कारण उसके भीगने एवं खराब होने की आशंका रहती है। इसलिए किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसल को यथाशीघ्र सुरक्षित स्थानों अथवा गोदामों में पहुंचाएं।
खुले में रखी फसलों को तिरपाल से ढकें, जलभराव से बचाव के करें उपाय- कृषि विभाग ने कहा है कि यदि किसी कारणवश कटी हुई फसल को घर या गोदाम तक पहुंचाना संभव नहीं हो, तो उसे खेत में ऊंचे स्थान पर एकत्रित कर अच्छी गुणवत्ता वाले तिरपाल अथवा प्लास्टिक शीट से अच्छी तरह ढककर रखें। साथ ही बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करें, जिससे फसल में नमी बढ़ने एवं खराब होने की आशंका को कम किया जा सके। विशेष रूप से धान उत्पादक किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उपज को बारिश से सुरक्षित रखें तथा भंडारण के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें।
पशुधन की सुरक्षा के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की अपील- संभावित तेज हवाओं एवं बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने पशुपालकों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि मवेशियों एवं मुर्गियों को खुले स्थानों पर न बांधें और न ही छोड़ें। उन्हें सुरक्षित एवं मजबूत शेड के भीतर रखें, ताकि तेज हवाओं और बारिश से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें किसान- कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे आगामी दिनों में मौसम संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखें तथा मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप कृषि कार्यों की योजना बनाएं। समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाकर फसलों एवं पशुधन को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है। उप संचालक कृषि, जिला बीजापुर ने किसानों एवं पशुपालकों से विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने तथा संभावित प्रतिकूल मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।