मुंगेली से पूरे छत्तीसगढ़ में पैरादान महाअभियान को मिलेगी नई दिशा: राजीव लोचन दास महाराज
मुंगेली, 16 नवंबर 2026/sns/- गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के साथ पशुओं के लिए वर्षभर पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में पैरादान महाअभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने की पहल की जा रही है। इस अभियान को मुंगेली जिले से नई दिशा देते हुए पूरे प्रदेश में विस्तार देने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन दास महाराज ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला स्तरीय बैठक लेकर अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में गौवंश संरक्षण, किसानों को स्वेच्छा से पैरादान के लिए प्रेरित करने, खेतों में फसल कटाई के बाद बचने वाले पैरे का समुचित संग्रहण, गौधाम एवं गौशालाओं तक चारे की उपलब्धता तथा पैरा जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन दास महाराज ने कहा कि पैरादान महाअभियान की शुरुआत मुंगेली जिले से करते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू करने की दिशा में कार्ययोजना बनाई जा रही है। इस अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों, गौधाम समितियों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह केवल पैरा संग्रहण का अभियान नहीं, बल्कि गौवंश संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और किसानों की सामाजिक भागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण जनअभियान है।
कलेक्टर ने अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से किसानों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। गौधाम समितियों के माध्यम से किसानों से संपर्क कर उन्हें स्वेच्छा से पैरा दान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार, कोटवारों के माध्यम से मुनादी तथा संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध पैरे का उपयोग डेयरी एवं पशुपालन से जुड़ी संस्थाओं में भी किया जा सकता है। पैरा संग्रहण और परिवहन की ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान न हो और पैरे का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
टोल फ्री नंबर से मिलेगी पैरादान की जानकारी
श्री राजीव लोचन दास महाराज ने अभियान को जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने की आवश्यकता बताई। इससे किसान एवं आम नागरिक आसानी से पैरादान की सूचना दे सकेंगे और जरूरतमंद गौधाम एवं गौशालाओं तक पैरा पहुंचाने में सुविधा होगी। उन्होंने पैरा संग्रहण के लिए बेलन मशीन की व्यवस्था करने तथा किसानों के खेतों तक पहुंचकर पैरा उठाने की कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया। धान खरीदी केंद्रों में अभियान का प्रचार-प्रसार करने का सुझाव दिया गया, ताकि धान बेचने आने वाले किसान भी इसकी जानकारी प्राप्त कर अभियान से जुड़ सकें।
गौधाम समितियों के माध्यम से बनेंगे चारा बैंक
बैठक में गांवों में गौधाम समितियों के माध्यम से चारा बैंक स्थापित करने पर विशेष चर्चा हुई। इसके अंतर्गत किसानों से प्राप्त पैरे को व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर सुरक्षित स्थानों पर संग्रहित किया जाएगा, ताकि जरूरत के समय गौवंश एवं अन्य पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। इसके लिए गौधाम समितियों का रजिस्टर तैयार करने तथा पैरा संग्रहण एवं वितरण का नियमित रिकॉर्ड संधारित करने पर जोर दिया गया। पैरा व्यापार से जुड़े लोगों एवं व्यवसायियों की जानकारी एकत्रित कर उनके अलग-अलग समूह बनाने का सुझाव भी दिया गया, जिससे पैरे की उपलब्धता, परिवहन और वितरण के लिए बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
जीरामजी के तहत श्रमदान से भी जुड़ेगा अभियान
पैरादान महाअभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जीरामजी के तहत एक दिवस श्रमदान कराने के संबंध में भी चर्चा की गई। इसके माध्यम से ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों की सहभागिता से पैरा संग्रहण तथा गौवंश के लिए चारा उपलब्ध कराने के कार्य को गति देने की पहल की जाएगी।
पैरा जलाने के बजाय पशु चारे के रूप में उपयोग करने की अपील
बैठक में खेतों में फसल कटाई के बाद बचने वाले पैरे को जलाने के बजाय एकत्रित कर खेत के किनारे अथवा निर्धारित सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए किसानों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। पैरा जलाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है और पशुओं के लिए उपयोगी चारे की बर्बादी भी होती है। पैरादान के माध्यम से इस उपयोगी संसाधन को गौवंश के चारे में परिवर्तित किया जा सकेगा। पैरादान महाअभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन, ग्राम स्तरीय समितियों, गौधाम समितियों, कोटवारों, किसानों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। पैरा संग्रहण, सुरक्षित भंडारण, चारा बैंक की स्थापना और जरूरतमंद गौधाम तक पैरा पहुंचाने की व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।