स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नगर पंचायत लवन में 3 करोड़ से अधिक के 12 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

बलौदाबाजार-भाटापारा, 18 नवम्बर 2026/sns/- जिले के प्रभारी मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को नगर पंचायत लवन में 3 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत ₹75 लाख की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज सामुदायिक भवन का लोकार्पण और ₹285.36 लाख के 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के कोने-कोने के विकास के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल एवं सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास से लवन नगरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। हमारा प्रयास है कि गाँव की मिट्टी से जुड़कर, यहाँ उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी, हमारे नौजवान, बेटे-बेटियाँ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।इसी उद्देश्य से हमारी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण सहित हर क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवनिर्मित मंगल भवन को जनता की संपत्ति बताते हुए कहा कि यह भवन सभी नागरिकों का है और इसका निर्माण जनता के पैसों से हुआ है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भवन का समझदारीपूर्वक उपयोग करें और इसकी सुरक्षा एवं स्वच्छता का ध्यान रखें। सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और उसका समुचित उपयोग सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर ₹285.36 लाख के 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ ,अधोसंरचना मद के अंतर्गत ₹161.72 लाख की लागत से मेन रोड से महामाया मंदिर तक गौरवपथ निर्माण, वार्ड क्रमांक 08 के भालूकोना रोड में ₹11.26 लाख से सामुदायिक भवन तथा वार्ड क्रमांक 15 में जैतखम्भ के पास ₹5.39 लाख से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं, 15वें वित्त मद से ₹106.99 लाख की लागत से 8 विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण के साथ पाइपलाइन विस्तार, बोरवेल एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ, सनम जांगड़े,नगर पंचायत अध्यक्ष शिवमंगल सिंह,जिला अध्यक्ष आनंद यादव सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

About The Author