जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का हुआ शुभारंभ

अम्बिकापुर, 18 नवम्बर 2026/sns/-   जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में बुधवार को जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ हुआ। सेमिनार का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के साथ शोध की नई संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।

सेमिनार के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता तथा अतिविशिष्ट अतिथि एवं आधार वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं वरिष्ठ कवि-कथाकार डॉ. संजय अलंग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

जनजातीय संस्कृति को जीवन व्यवहार में अपनाना आवश्यक-महापौर श्रीमती भगत
मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय संस्कृति एवं सभ्यता का संरक्षण तभी संभव है, जब हम उसकी परंपराओं और जीवन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन एवं व्यवहार में आत्मसात करें। उन्होंने शोधार्थियों एवं इतिहासकारों से आह्वान किया कि जनजातीय इतिहास का अध्ययन जनजातीय दृष्टिकोण से किया जाए तथा इतिहास के उन महत्वपूर्ण पहलुओं को समाज के सामने लाया जाए, जिन्हें अब तक मुख्यधारा में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है।

विशिष्ट अतिथि श्री मनोज गुप्ता ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि जनजातीय नायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेना तथा जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और गौरव के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहना ही जनजातीय गौरव की वास्तविक भावना है।

जनजातीय भाषाओं एवं साहित्य के संरक्षण में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका-डॉ. संजय अलंग
डॉ. संजय अलंग ने जनजातीय संस्कृति की मौलिकता, परंपराओं एवं जीवन पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अपनी मूल संस्कृति और परंपरागत जीवन मूल्यों का पालन करना जनजातीय संस्कृति का आधार है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में जनजातीय भाषाओं में संरक्षित साहित्य एवं ज्ञान परंपराओं के संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक होगा। स्थानीय भाषाओं में उपलब्ध साहित्य को समझने, उसका दस्तावेजीकरण करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय सेमिनार ज्ञानवर्धन के साथ-साथ शोध एवं अध्ययन की नई दिशाएं प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य के विभिन्न आयामों पर व्यापक विचार-विमर्श का अवसर मिलता है।

उद्घाटन सत्र में स्वागत उद्बोधन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. एस.एन. पाण्डेय ने दिया। विषय प्रवेश सेमिनार के संयोजक श्री सुनील अजित कुमार केरकेट्टा ने कराया। कार्यक्रम का संचालन श्री संजीव कुमार लकड़ा तथा आभार प्रदर्शन डॉ. प्रदीप कुमार एक्का ने किया।

तकनीकी सत्रों में जनजातीय इतिहास एवं सामाजिक विषयों पर हुआ शोधपरक विमर्श
उद्घाटन सत्र के पश्चात आयोजित प्रथम तकनीकी सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से आए डॉ. जनार्दन गोंड मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। सत्र की अध्यक्षता प्रो. आर.पी. सिंह ने की। डॉ. गोंड ने जनजातीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज का संघर्षों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उसका इतिहास अत्यंत प्राचीन एवं समृद्ध है। इस गौरवशाली इतिहास को सामने लाना शोधकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सत्राध्यक्ष प्रो. आर.पी. सिंह ने जनजातीय समाज के अंतर्विरोधों एवं सामाजिक प्रश्नों पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान शोधार्थियों ने अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।

द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता प्रो. सुषमा भगत ने की। इस सत्र में 10 से अधिक शोधार्थियों ने जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए।

इसके अतिरिक्त समानांतर ऑनलाइन तकनीकी सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शोधार्थियों ने सहभागिता करते हुए अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। ऑनलाइन सत्र का संयोजन श्री विनीत गुप्त तथा अध्यक्षता डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने की।

आज होगा समापन, प्रतिभागियों को वितरित किए जाएंगे प्रमाणपत्र
दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के दूसरे दिन 19 नवंबर को जनजातीय साहित्य एवं जनजातीय गौरव के विविध आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके पश्चात समापन सत्र का आयोजन कर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।

सेमिनार के प्रथम दिवस महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, विभिन्न महाविद्यालयों से आए शिक्षाविद्, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनजातीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य एवं परंपरागत ज्ञान के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

About The Author