कृषक उन्नति योजना से छोटे किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 नवंबर 2026/sns/- राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। योजना से कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी उनकी निर्धारित खरीदी सीमा के शेष अंतर पर आदान सहायता का लाभ मिल रहा है। इससे किसानों को राहत मिली है और उनमें उत्साह का माहौल है।
इसका उदाहरण सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम रापागुला के छोटे किसान श्री नटवरलाल साहू हैं। बुधवार को वे प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कटेली के धान खरीदी केंद्र में अपनी उपज बेचने पहुंचे। उनके पास मात्र एक एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने केंद्र में लगभग 14 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा। एक एकड़ में 21 क्विंटल की निर्धारित खरीदी सीमा के अनुसार शेष 7 क्विंटल के अंतर की आदान सहायता राशि भी उन्हें योजना के तहत मिलेगी।
श्री साहू ने बताया कि कृषक उन्नति योजना से कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी राहत मिली है। उनके अनुसार, एक एकड़ में निर्धारित खरीदी सीमा और बेची गई उपज के बीच के अंतर पर सहायता मिलने से छोटे किसानों को आर्थिक सहारा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह निर्णय किसानों के हित में सराहनीय है।

किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता

राज्य शासन की मंशा के अनुरूप कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इससे खेती-किसानी के कार्यों में किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलेगा और उनकी आय को मजबूती प्राप्त होगी।
धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट
श्री साहू ने कटेली धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि केंद्र में किसानों के बैठने के लिए किसान कुटीर बनाया गया है और बारदाने समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। धान की तुलाई और बोरियों में भराई के लिए हमालों की व्यवस्था है। किसानों को धान का ढेरी लगाना होता है, जबकि तौलने और बोरियों में भरने का काम हमाल करते हैं।
केंद्र में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। श्री साहू ने बताया कि उन्होंने मोबाइल के ‘तुहर टोकन’ ऐप से घर बैठे धान बिक्री का टोकन प्राप्त किया। इससे खरीदी केंद्र पहुंचने से पहले ही टोकन की सुविधा मिल गई और धान बेचने की प्रक्रिया आसान हुई।
प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कटेली में लगभग 1,200 किसान पंजीकृत हैं। इस खरीदी केंद्र में आसपास के 14 गांवों के किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और कृषक उन्नति योजना से छोटे एवं सीमांत किसानों को विशेष राहत मिल रही है। श्री नटवरलाल साहू जैसे किसानों की संतुष्टि इस बात को दर्शाती है कि किसान हितैषी योजनाएं उन्हें आर्थिक संबल देने के साथ खेती-किसानी के प्रति भरोसा भी बढ़ा रही हैं।

About The Author