रामतिल की उन्नत खेती से किसानों की आय बढ़ाने की पहल

अम्बिकापुर, 19 नवम्बर 2026/sns/-  किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा द्वारा विकासखंड लखनपुर के ग्राम लोसंगा में रामतिल फसल पर प्रक्षेत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन के अंतर्गत सरगुजा जिले में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में रामतिल का समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम लोसंगा में लगभग 45 एकड़ क्षेत्र में रामतिल की खेती का प्रदर्शन किया गया है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को रामतिल की खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा ने रामतिल के खाद्यान्न के रूप में उपयोग के साथ-साथ औद्योगिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को फसल की उन्नत किस्मों का चयन, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं खरपतवार नियंत्रण जैसी महत्वपूर्ण कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाकर किसान तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।

इस अवसर पर वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. गुप्ता ने रामतिल फसल में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान, उनके प्रभावी नियंत्रण तथा फसल की उचित देखरेख के संबंध में तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर के रूप में मधुमक्खी पालन अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को प्रदर्शन प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया तथा खेत में लगी रामतिल की फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन कराते हुए उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन एवं बेहतर उपज प्राप्त करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों ने भी रामतिल की खेती से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं साझा कीं, जिनका वैज्ञानिकों द्वारा समाधान बताया गया।

प्रक्षेत्र दिवस का मुख्य उद्देश्य जिले में तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार, उन्नत उत्पादन तकनीकों को बढ़ावा देने तथा किसानों को लाभकारी खेती के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विवेक कुमार सांडिल्य, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित ग्राम लोसंगा के कृषक उपस्थित रहे।

About The Author