स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने और महिलाओं की आजीविका बढ़ाने पर जोर

सुकमा, 19 नवम्बर 2026/sns/- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से जिला पंचायत सुकमा के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, पीआरपी, क्लस्टर अध्यक्ष एवं सचिव तथा एफएलसीआरपी उपस्थित रहे।
बैठक में स्व-सहायता समूहों के गठन, लोकस  पोर्टल में समूहों एवं सदस्यों की एंट्री, लखपति दीदी एमआईएस, चक्रीय एवं सामुदायिक निवेश निधि के वितरण, समूह सदस्यों के ई-केवाईसी और बैंक लिंकेज की स्थिति की समीक्षा की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से पात्र महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने, समूहों की वित्तीय गतिविधियों को मजबूत करने तथा ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का आकलन किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ठाकुर ने कम प्रगति वाले कार्यों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बैंक लिंकेज के शत-प्रतिशत प्रकरण तैयार कर बैंकों में जमा कराने तथा सभी लंबित प्रविष्टियों को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। साथ ही प्रत्येक गतिविधि की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बिहान मिशन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए मिशन से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में सभी संबंधितों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और मिशन के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

About The Author