संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में छात्राओं ने निभाई पक्ष-विपक्ष की भूमिका
दुर्ग, 19 नवम्बर 2026/sns/- कृष्णा पब्लिक स्कूल नेहरू नगर भिलाई में आयोजित संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में कमिश्नर श्री सत्यनारायण राठौर शामिल हुए। प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के सात जिलों के स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक जिले से 55 प्रतिभागी सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमिश्नर श्री सत्यनारायण राठौर ने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर प्रदान करती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक और देश से जुड़े विषयों की जानकारी भी रखनी चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों को जागरूक बनाते हैं और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कबीरधाम, द्वितीय स्थान खैरागढ़ तथा तृतीय स्थान बेमेतरा जिले के प्रतिभागियों ने प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त विजेता प्रतिभागियों को एक-एक हज़ार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कबीरधाम के लोकसभा अध्यक्ष एवं प्रधान मंत्री तथा खैरागढ़ के नेता प्रतिपक्ष एवं गृह मंत्री, बेमेतरा के वित्त मंत्री एवं राजनांदगाव के मार्शल के लिए प्रोत्साहन राशि रूपये 21-21 सौ रुपए प्रदान किये गए।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त उपायुक्त श्री बीके वर्मा भी उपस्थित थे। कमिश्नर श्री सत्यनारायण राठौर ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।