कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने सभाकक्ष में ली राइस मिलर्स की बैठक

दुर्ग, 19 नवम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राइस मिलर्स और संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में धान उठाव, कस्टम मिलिंग के तहत चावल (एफआरके व सामान्य) जमा कराने की प्रगति, गोदामों के भौतिक सत्यापन और टैगिंग व्यवस्था की समीक्षा की गई।

समय सीमा में चावल जमा करने के सख्त निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने मिलर्स को निर्देश दिए कि दिसंबर माह के आवंटन और परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बकाया लॉट (विशेषकर एफआरके चावल) को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा (5 दिसंबर तक) में जमा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने दैनिक आधार पर लॉट जमा करने का लक्ष्य तय करने और उसमें तेजी लाने को कहा।

अनुपस्थित मिलर्स और गोदामों के भौतिक सत्यापन के आदेश

बैठक में अनुपस्थित रहने वाले तथा पर्याप्त टैगिंग होने के बावजूद चावल जमा करने में देरी करने वाले मिलर्स (विशेषकर 500 क्विंटल से अधिक बकाया वाले) पर नाराजगी जताई गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित मिलों और किराए पर लिए गए गोदामों में रखे धान का अगले दो से तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कराया जाए। इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक श्री अनुराग भदौरिया, जिला विपणन अधिकारी श्री राहुल कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

About The Author