विकास संकल्प तिहार में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया अवलोकन
बलौदाबाजार, 19 नवम्बर 2026/sns/- सुहेला में विकास संकल्प तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस दौरान उन्होंने वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत, कृषि, महिला एवं बाल विकास, बिजली, समाज कल्याण, स्वास्थ्य तथा कौशल विकास विभाग के माध्यम से हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहक हेमलाल, राजकुमार एवं तुकेश ध्रुव को प्रोत्साहन राशि के रूप में क्रमशः 15,411 रुपये, 22,976 रुपये एवं 21,015 रुपये के चेक प्रदान किए। पंचायत विभाग के स्टॉल पर उत्कृष्ट योगदान के लिए 05 सोलर दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कृषि विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने किसानों को गेहूं एवं सरसों के बीज वितरित कर उन्नत खेती को प्रोत्साहित किया। साथ ही 10 किसानों को 50 लाख रुपये से अधिक की राशि के चेक प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर 05 बच्चों को सुपोषण टोकरी वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में पहल की।
बिजली विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 03 दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, भारत माता वाहिनी समूह के 10 सदस्यों को सीटी, टोपी, लाठी एवं टॉर्च प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने 06 हितग्राहियों को चश्मा, 03 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड तथा 03 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। वहीं, कौशल विकास विभाग के स्टॉल पर ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। विकास संकल्प तिहार के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।