लोकतंत्र की मजबूती के लिए भावी मतदाताओं को किया जागरूक, जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संपन्न
सुकमा, 20 नवम्बर 2026/sns/- लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाताओं की भूमिका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित संस्था स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “शुद्ध मतदाता सूची का महत्व“ एवं “मतदान का महत्व“ विषयों पर निबंध के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जरिए विद्यार्थियों की निर्वाचन संबंधी समझ को परखा गया। उल्लेखनीय है कि 02 से 20 नवंबर 2026 तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं लाइवलीहुड कॉलेजों में संस्था स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिनमें चयनित प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय आयोजन में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित कुमार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने भावी मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी और निर्वाचन संबंधी सुविधाओं एवं सेवाओं के लिए ECINET ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।
जिला प्रशासन की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी मिली, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना और उन्हें भविष्य में जागरूक, सजग एवं जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है।