बायोफ्लॉक तकनीक से बदली श्री फूलसिंग घोड़ापटिया की जिंदगी, मत्स्य पालन बना आत्मनिर्भरता का आधार
मोहला, 25 नवंबर 2026/sns/-मेहनत, आधुनिक तकनीक और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का समन्वय हो, तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि की नई राह खुल सकती है। इसे जिले के अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुरेठिटोला निवासी श्री फूलसिंग घोड़ापटिया ने अपनी सफलता से साबित किया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से मिले सहयोग और मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन से उन्होंने बायोफ्लॉक तकनीक अपनाकर मत्स्य पालन को आजीविका का मजबूत साधन बनाया है। इस आधुनिक तकनीक के जरिए वे प्रतिवर्ष लगभग 7 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर रहे हैं।
श्री फूलसिंग घोड़ापटिया बताते हैं कि मत्स्य पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने जिला मत्स्य विभाग से संपर्क किया और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत अपनी निजी भूमि पर दो यूनिट पॉण्ड बायोफ्लॉक स्थापित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। योजना के तहत स्वीकृति मिलने के बाद वर्ष 2025-26 में उन्होंने 0.2 हेक्टेयर भूमि पर दो पॉण्ड बायोफ्लॉक यूनिट का निर्माण कराया। इसके पश्चात दोनों यूनिट में पंगेशियस प्रजाति के मत्स्य बीज का संचयन कर व्यवस्थित रूप से मत्स्य पालन शुरू किया।
बायोफ्लॉक तकनीक ने उनके लिए कम भूमि में वैज्ञानिक तरीके से अधिक उत्पादन प्राप्त करने की संभावनाएं विकसित कीं। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और अपने निरंतर परिश्रम से उन्होंने मत्स्य पालन की आधुनिक पद्धतियों को अपनाया। लगभग 8 से 9 माह की उत्पादन अवधि में उन्हें बेहतर परिणाम प्राप्त हुए। वर्ष 2025-26 में उन्होंने दोनों यूनिट से लगभग 10 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन प्राप्त किया, जिससे करीब 7 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित हुई।
आज श्री फूलसिंग के लिए मत्स्य पालन केवल आय का साधन नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। आधुनिक तकनीक के उपयोग, विभागीय सहयोग और मेहनत के बल पर उन्होंने ग्रामीण परिवेश में ही स्वरोजगार की एक सफल मिसाल प्रस्तुत की है। उनकी यह उपलब्धि उन ग्रामीण किसानों और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो पारंपरिक खेती के साथ आय के नए विकल्प तलाश रहे हैं।
श्री फूलसिंग घोड़ापटिया का कहना है कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिले सहयोग ने उन्हें आधुनिक बायोफ्लॉक तकनीक अपनाने का अवसर प्रदान किया। मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन से वे इस व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर पा रहे हैं। उन्होंने इस योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका मानना है कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर, आधुनिक तकनीक और मेहनत को अपनाया जाए, तो गांव में रहकर भी बेहतर आय अर्जित करते हुए आत्मनिर्भर बना जा सकता है।