जिले के 124 अमृत सरोवरों में मनाया जाएगा संविधान दिवस
दुर्ग, 25 नवंबर 2026/sns/- भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर जिले के सभी 124 अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग श्री बजरंग कुमार दुबे के निर्देशन में जिले की सभी जनपद पंचायतों को अपने क्षेत्र के प्रत्येक अमृत सरोवर स्थल पर संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में युवाओं, विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों, वीबीजीरामजी के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों, स्वयं सहायता समूहों एवं आजीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। आयोजन के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का हिंदी एवं स्थानीय भाषा में वाचन किया जाएगा। साथ ही मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं संवैधानिक मूल्यों पर संक्षिप्त उद्बोधन दिया जाएगा। जल संरक्षण, स्वच्छता एवं अमृत सरोवरों के संरक्षण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।
विद्यार्थियों एवं युवा क्लबों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अमृत सरोवरों के आसपास स्वच्छता अभियान, खरपतवार हटाने, गाद निकासी एवं पौधरोपण जैसे कार्य किए जाएंगे। इन गतिविधियों में वीबीजीरामजी के श्रमिकों एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर संविधान एवं मिशन अमृत सरोवर से संबंधित सूचना बोर्ड एवं पोस्टर भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इस आयोजन के माध्यम से जिले के 124 अमृत सरोवरों को संविधान के मूल्यों, सामुदायिक सहभागिता एवं जल संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।