जिले में 27 नवंबर को मनाया जाएगा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का द्वितीय वर्षगांठ दिवस
मुंगेली ,25 नवंबर 2026/sns – बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों, शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य की रक्षा के उद्देश्य से संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित 27 नवंबर को ‘बाल विवाह, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर जिले में 27 नवंबर को व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों को बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं एवं सामुदायिक हितधारकों की सहभागिता से सघन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा इसकी रोकथाम में समाज की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 27 नवंबर को दोपहर 03 बजे से भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर ऑनलाइन प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिक राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। बाल विवाह रोकथाम के लिए बच्चों और समाजसेवियों के योगदान को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।