निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

  जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में शासकीय जाज्वल्यदेव नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता मे कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों सहित महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार, मतदान का महत्व एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। वहीं निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘लोकतंत्र में मतदान का महत्व’, ‘जागरूक मतदाता’ एवं ‘मजबूत लोकतंत्र’ जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका तथा निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के महत्व से अवगत कराया गया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में निबंध लेखन में अवन्तिका गोस्वामी ने प्रथम, भूमिका पटेल ने द्वितीय, नीलम आदित्य ने तृतीय, नाजमीन खातून ने चतुर्थ तथा आयोग मिश्रा ने पंचम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंकिता बृजवानी ने प्रथम, आरूष थवाईत ने द्वितीय, तिरवेन्द्र देवांगन ने तृतीय, प्रतीक्षा चौरसिया ने चतुर्थ तथा सौरभ तिवारी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य जी.आर. पाटले, ईएलसी की नोडल अधिकारी डॉ. हरप्रीत कौर सहित जिला निर्वाचन कार्यालय, जांजगीर-चांपा के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

About The Author