धान के अवैध परिवहन एवं खरीदी पर रोक लगाने कलेक्टर श्रीमती सलाम ने देर रात किया चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण

मोहला, 26 नवंबर 2026/sns/- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में वास्तविक किसानों से उनके द्वारा उत्पादित धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने तथा धान के अवैध परिवहन एवं खरीदी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान की आवक रोकने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने देर रात चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने 25 नवंबर 2026 की रात्रि में जिले के पाटनवाड़वी, पाटनदास, वासड़ी, कोरचाटोला एवं बेडकी स्थित चेक पोस्टों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी व्यवस्था एवं निगरानी कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान कुछ कर्मचारी निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती सलाम ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेक पोस्टों पर तैनात सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा संदिग्ध वाहनों और धान के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, खाद्य विभाग, जिला विपणन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी अवधि के दौरान चेक पोस्टों की सतत निगरानी एवं आकस्मिक निरीक्षण जारी रखे जाएंगे, ताकि वास्तविक किसानों के धान का नियमानुसार उपार्जन सुनिश्चित हो सके और अवैध धान की आवक पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

About The Author