मुंगेली 07 अप्रैल 2022// राज्य शासन के निर्देशानुसार आज जिले में गौठान पहुंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत अधिकारियों द्वारा विभिन्न गौठानों में पहुंचकर वहां उपलब्ध संसाधनों की स्थिति और स्वसहायता समूह की महिलाओं की आयमूलक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने विकासखण्ड पथरिया के ग्राम पौंसरी में स्थापित गौठान का निरीक्षण किया और उन्होंने गौठान में उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ पशुधन के लिए चारे और पानी की व्यवस्था, गोबर खरीदी एवं बिक्री, वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण एवं बिक्री, शेड निर्माण, फैंसिग आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। तत्पश्चात कलेक्टर श्री वसंत ने स्वसहायता समूह की महिलाओं की बैठक लेकर गोबर खरीदी एवं बिक्री, वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण एवं बिक्री, स्वसहायता समूह की महिलाओं को होने वाले लाभ के साथ-साथ गौठान में मुर्गीपालन, सब्जी उत्पादन, चारागाह विकास आदि कार्यों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें स्व सहायता समूह में जोड़कर रोजगार और आय के साधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं। जिसके फलस्वरूप अब महिलाओं की भागीदारी प्रत्येक क्षेत्र में बढ़ रहा है। उन्होंने महिलाओं को अधिक से अधिक आयमूलक गतिविधियों में जुड़कर और अधिक मजबूत और स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पथरिया अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती प्रिया गोयल सहित गौठान समिति के सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
![](https://www.statenewsservice.in/wp-content/uploads/2022/04/01-2.jpg)