समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु सभी तैयारी पूर्ण
कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र रोहराखुर्द का किया निरीक्षण
उपार्जन केन्द्र में पहले नम्बर पर धान विक्रय करने वाले किसान होंगे सम्मानित
मुंगेली, अक्टूबर 2022// खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में आगामी 01 नवंबर से समर्थन मूल्य में धान खरीदी हेतु जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी हेतु तैयारी पूर्ण कर ली गई है। जिले के 66 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से 97 उपार्जन केंद्रों में पंजीकृत कृषकों से धान की खरीदी की जाएगी। कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज विकासखण्ड मुंगेली के धान उपार्जन केन्द्र रोहराखुर्द का निरीक्षण कर की गई तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने निर्मित सेल्फी जोन में धान विक्रय हेतु टोकन कटाने वाले किसान श्री कुलेश्वर सिंह राजूपत के साथ फोटो खिंचाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान किसान श्री राजूपत ने बताया कि 01 नवंबर को उनके स्वयं की 76 डिसमिल खेत में उत्पादित धान के विक्रय के लिए उन्हें टोकन प्राप्त हो चुका है। टोकन लेने में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। धान विक्रय करने धान उपार्जन केन्द्र रोहराखुर्द में लाएंगे। इसके पूर्व कलेक्टर श्री देव ने धान उपार्जन केन्द्र में साफ सफाई, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, विद्युत व्यवस्था, कांटा-बाट, मानव संसाधन, आद्रता मापी मशीन, पानी निकासी हेतु डैªनेज व्यवस्था व बेमौसम बारिश से बचाव हेतु कैप कव्हर, स्टैकिंग, बारदाना व्यवस्था आदि की जानकारी ली और कम्प्यूटर में बैठकर किसानों का पंजीयन, किसानों की संख्या, कुल रकबा और टोकन आदि का अवलोकन किया। इस दौरान समिति प्रबंधक ने बताया कि धान खरीदी केन्द्र रोहराखुर्द के अंतर्गत ग्राम रोहराखुर्द, जोगीपुर, चमारी, भर्राकुंडा, लिम्हा और गीधा के 02 हजार 163 किसानों का पंजीयन किया गया है। बारदाने सहित अन्य व्यवस्था करने की बात कही। तत्पश्चात कलेक्टर श्री देव ने वहां उपस्थित किसानों से भी चर्चा की और फसल कटाई आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में 01 नवंबर को प्रथम धान विक्रय करने वाले किसानों को सम्मानित करने की भी बात कही। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, जिला खाद्य अधिकारी श्री देवेन्द्र बग्गा, जिला पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री हितेश श्रीवास, जिला विपणन अधिकारी श्री शीतल भोई, सीसीबी के नोडल अधिकारी श्री संतोष सिंह ठाकुर उपस्थित थे।