जिला पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ने प्रदान किया व्यक्तिगत वन अधिकार एवं सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र
मुंगेली 29 दिसम्बर 2022// राज्य शासन द्वारा वन क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज वन क्षेत्र ग्राम खुड़िया में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लेखनी सोनू चंद्राकर और कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज संयुक्त रूप से वन क्षेत्र ग्राम खुड़िया के 76 लोगों को व्यक्तिगत वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र प्रदान किया। इनमें 72 लोगों को व्यक्तिगत वन अधिकार और 04 लोगों को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र प्रदान किया गया। इससे वन क्षेत्र के लोगों में आर्थिक समृद्धि आएगी और उनके चेहरों में मुस्कान दिखेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा वन क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा आज 76 लोगों को व्यक्तिगत वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र प्रदान कर उनके आर्थिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने एटीआर क्षेत्र के ग्राम छपरवा में धान उपार्जन केंद्र खुलने पर किसानों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों को अब धान विक्रय करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनकी धन और समय की बचत होगी। कलेक्टर श्री राहुल देव ने सभी व्यक्तिगत वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र धारक लोगों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा वनभूमि पर काबिज किसानों को पट्टे देने के लिए संकल्पबद्ध है, इसी कड़ी में वन अधिकार के पट्टा का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में निवास करने वाले लोग सभी कठिनाई में भी अपने चेहरों में मुस्कान रखते हैं। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों की समस्याओं का निराकरण के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। अभी हाल ही में एटीआर क्षेत्र के ग्राम छपरवा में धान उपार्जन केंद्र खोला गया है, जो वन क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी उपलब्धी है। जनपद पंचायत लोरमी के उपाध्यक्ष श्रीमती खुशबू आदित्य वैष्णव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन को बचाने व प्रकृति की रक्षा करने में वनवासियों की विशेष भूमिका रही है। जिला प्रशासन द्वारा वन क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए वन अधिकार पट्टे का वितरण किया जा रहा है। प्रतिष्ठित नागरिक श्री सागर सिंह बैस, श्री नरेश पाटले ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके पूर्व भारत माता और डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की छायाचित्र पर पूजा अर्चना और राज्य गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तदुपरांत आदिवासी विकास विभाग के श्री एल आर कुर्रे ने वन क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को व्यक्तिगत वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र के विभिन्न नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर वनमण्डलाधिकारी श्रीमती शमा फारूखी, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत, जनपद पंचायत लोरमी के अध्यक्ष श्रीमती मीना नरेश पाटले, लोरमी एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अघन मरावी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री सीमांचल आचार्य, ग्राम के सरपंच सहित वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।