राजस्व अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
जगदलपुर 10 जुलाई 2024/ sns/-कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों के राजस्व प्रकरणों को संवेदनशीलता और बहुत सतर्कता के साथ निराकृत करें। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र प्रदाय में प्रगति लाएं। वहीं सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण में तेजी लाना सुनिश्चित करें। जिले में कम बारिश और फसल क्षति के मामलों पर भी विशेष ध्यान देने कहा। कलेक्टर मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ले रहे थे।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों के प्रगति रिपोर्ट, राजस्व प्रकरणों की दर्ज-निराकरण के लंबित की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निराकरण के मासिक लक्ष्य के आधार पर आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व प्रकरणों की मासिक प्रगति, भू- अर्जन के लंबित प्रकरणों की प्रगति, भू-अर्जन के भुगतान, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, विवादित खाता विभाजन,सीमाकंन के प्रकरणों का न्यायालयवार समीक्षा, व्यपवर्तन, आरबीसी-6-4 के प्रकरणों, भू-राजस्व के बकाया राशि की वसूली, शीर्ष ब 121 के प्रकरण, त्रुटि सुधार और नक्शा बांटाकन के कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नक्शा बटांकन कार्य की प्रगति हेतु विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण के प्रकरणों को समय-सीमा से बाहर नहीं जाना चाहिए, दर्ज प्रकरणों के आधार पर निराकरण में भी अद्यतन प्रगति होनी चाहिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सर्वे सहित सभी राजस्व अधिकारी तथा अधीक्षक एवं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख मौजूद रहे।