युवा महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह युवाओं के जीवन को नई दिशा देने का एक माध्यम है – केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू आज छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रायपुर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद एक महान भारतीय संत, विचारक, और समाज सुधारक थे, जिन्होंने न केवल भारत के युवाओं को प्रेरित किया, बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति और सभ्यता का परचम लहराया। उनका जीवन और उनके विचार युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। हर वर्ष 12 जनवरी को उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसके छत्तीसगढ़ शासन राज्य युवा महोत्सव का आयोजन करती है, जिसका उद्देश्य युवाओं के भीतर विवेकानंद के विचारों को जगाना और उन्हें देश की उन्नति में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
स्वामी विवेकानंद के विचार और उनका प्रभाव
स्वामी विवेकानंद का मानना था कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उन्होंने कहा था, “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।” उनका यह मंत्र आज भी युवाओं को कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने धर्म, शिक्षा, और समाज सेवा के क्षेत्र में क्रांति लाई। 1893 में शिकागो की धर्म संसद में दिया गया उनका भाषण भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का प्रतीक बन गया।
स्वामी विवेकानंद का जीवन यह सिखाता है कि आत्मनिर्भरता, आत्मशक्ति, और अनुशासन के साथ कोई भी कठिनाई पार की जा सकती है। उन्होंने युवाओं को अपने अंदर छिपी असीम शक्तियों को पहचानने और उनका उपयोग समाज के कल्याण के लिए करने की शिक्षा दी।
स्वामी विवेकानंद और आज के युवा
आज के समय में, जब युवा विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, विवेकानंद के विचार अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनकी शिक्षाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपनी जिम्मेदारियों को समझने, और समाज के प्रति योगदान देने के लिए प्रेरित करती हैं।
युवा शक्ति के सामर्थ्य से भारत बनेगा विकसित भारत
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिए है और उनका विश्वास है कि युवा शक्ति का सामर्थ्य से भारत को जल्द से जल्द विकसित राष्ट्र बनेगा ।