बीजापुर में दो दिवसीय ‘विकसित भारत 2047 जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

बीजापुर, 12 जनवरी 2026/sns/- केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, रायपुर द्वारा बीजापुर स्थित सांस्कृतिक भवन में दो दिवसीय ‘विकसित भारत 2047’ जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं भव्य चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से ही साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान गीत एवं नाट्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया, जिसे उपस्थित नागरिकों ने सराहा।

स्वास्थ्य शिविर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं जनभागीदारी से सशक्त हुआ आयोजन- कार्यक्रम के अंतर्गत केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 170 एवं 229 बटालियन के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. मोहन राजू एवं डॉ. इदरा ग्रीष्मा तेजस्वी के नेतृत्व में स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

दो दिवसीय आयोजन में विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ युवा, महिला, किसान एवं गरीब पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें भारत की विकास यात्रा, प्रमुख सरकारी पहलें एवं भविष्य की दृष्टि को दर्शाया गया है। 

आर्थिक, सामाजिक एवं डिजिटल सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से नागरिकों को जोड़ने हेतु विशेष सत्र आयोजित किए गए। साथ ही प्रतिभागियों को ‘माई गवर्नमेंट’ पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव एवं नवाचारी विचार साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

जन-जागरूकता को सहभागितापूर्ण बनाने हेतु स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं को त्वरित पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्री बाबूलाल नरवाड़िया ने खेल एवं मानसिक स्वास्थ्य पर जानकारी दी, जबकि सुश्री हर्षिता पांडा ने बालिका शिक्षा के महत्व पर विचार रखे।

कार्यक्रम का समन्वय केन्द्रीय संचार ब्यूरो के तकनीकी सहायक श्री के.एस. दिवान एवं क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री बी.एस. ध्रुव द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में श्री अर्जुन पटेल, सुश्री मनीषा नाग एवं सुश्री साधना जैन का सक्रिय सहयोग रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *