बोर्ड परीक्षाओं के लिए कार्य योजना बनाकर परीक्षा परिणामों को बेहतर करने की दिशा में मिशन मोड में करें कार्य कलेक्टर

राजनांदगांव, 30 जनवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर प्राचार्यों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए बच्चों को अध्ययन एवं परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए विशेष तौर पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी प्राचार्य कार्ययोजना बनाकर परीक्षा परिणामों को बेहतर करने की दिशा में मिशन मोड में कार्य करें। उन्होंने कहा कि बच्चे जिन विषयों में कमजोर है, उन विषयों पर विशेष तौर पर ध्यान देने की जरूरत है। कलेक्टर ने संस्थावार बच्चों के अध्ययन की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो पढ़ाई में कमजोर है,उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पढ़ाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विशेष विशेषज्ञों के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई कराने के लिए कहा। उन्होंने प्री बोर्ड में बच्चों के परिणाम बेहतर नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की तथा ऐसे स्कूल जहां बच्चों का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं था, वहां प्राचार्यों को कारण बताओ जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने समीक्षा के दौरान छुरिया एवं डोंगरगांव के कक्षा 10वीं के परिणाम के खराब रहने पर हायर सेकेण्डरी स्कूल चांदो, बखरूटोला, रामतराई एवं हालेकोसा के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया। डोंगरगांव विकासखंड के भी कमजोर परिणाम वाले शालाओं रूदगांव बालक डोंगरगांव एवं बाकल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कक्षा 12वीं के परिणाम में संतोषजनक कारण नहीं मिलने पर छुरिया विकासखंड के संस्थानों पर कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी कड़ी में डोंगरगांव विकासखंड के मोहड़ बालक डोंगरगांव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डोंगरगढ़ विकासखंड के कमजोर परिणाम वाले शालाओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया जिसमें मुख्य रूप से बालिका डोंगरगढ़, बिल्हरी, ढारा, पारागांव खुर्द, मडिय़ान स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पारागांव खुर्द के लिए नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित प्राचार्य को नोटिस जारी करने निर्देशित किया। खराब परिणाम को लेकर राजनांदगांव विकासखंड के स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा। जिसमें सोमनी, स्टेट हाई स्कूल, महारानी लक्ष्मीबाई हायर सेकेंडरी स्कूल, डॉ. बल्देव प्रसाद हायर सेकेंडरी स्कूल, बोरी, कन्हारपुरी, डिलापहरी स्कूलों के संस्था प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि पढ़ाई में कमजोर बच्चों के परीक्षा परिणाम को बेहतर करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की सेवाएं लें। बोर्ड परीक्षा के शेष दिनों में अतिरिक्त कक्षा लें। ओआईसी श्री विश्वास कुमार ने सभी से जोन कोचिंग एवं आवासीय कोचिंग में बच्चों को भेजने तथा उसके साथ-साथ पालकों को भी प्रेरित करने के लिए कहा। जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल ने बताया कि कमजोर बच्चों के लिए जिले में 22 जोन बनाकर पढ़ाई में कमजोर बच्चों तथा प्री बोर्ड परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने वाले बच्चों को उत्तीर्ण करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं 31 जनवरी से प्रारंभ की जाएगी। साथ ही 2 फरवरी से जिले के बरगा प्रशिक्षण केंद्र में टॉपर्स 100 बच्चों के लिए आवासीय कोचिंग की शुरूआत की जा रही है। जिससे जिले के मेधावी बच्चों को राज्य की प्रावीण्य सूची में उचित स्थान प्राप्त हो सके जिससे जिले का भी सम्मान बोर्ड परिणाम में बेहतर हो सके इसकी जानकारी दी। उसके अतिरिक्त शिक्षक उपस्थिति रजिस्ट्रेशन के लिए सभी संस्था प्रमुखों को आग्रह किया गया कि तत्काल सभी शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन पूर्ण करवाकर एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रारंभ करें। साथ ही उनके द्वारा कमजोर परिणाम वाले शालाओं में अतिरिक्त समय इन 20 दिनों में देखकर परिणाम को बेहतर करने एवं मेधावी बच्चों की अधिक से अधिक संख्या पर कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने सभी से अपेक्षा जाहिर करते हुए कहा कि इस सत्र में जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर हो सके इसके लिए प्रत्येक स्तर पर शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों को प्रयास करने की आवश्यकता है। जोन कोचिंग, आवासीय कोचिंग को लेकर निश्चिंत कार्य योजना के साथ कार्य करने के लिए कहा। बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *