पनगांव में फाइलेरिया के विरुद्ध महिलाओं ने छेड़ी मुहिम,रैली और दीवार लेखन के जरिए ग्रामीणों को किया जागरूक

बलौदाबाजार, 4 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण अंचलों में फाइलेरिया (हाथीपांव) उन्मूलन हेतु घर -घर दस्तक अभियान अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को ग्राम पंचायत पनगांव में ग्राम संगठन की महिलाओं द्वारा एक विशेष बैठक और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करना और आगामी निवारण अभियान के लिए तैयार करना था।कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित डीएमसी रजनीकांत रत्नाकर ने समूह की महिलाओं को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि फाइलेरिया एक संक्रामक बीमारी है जो मुख्य रूप से संक्रमित मादा ऐनाफिलिस मच्छर के काटने से फैलता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस बीमारी से बचाव के लिए मच्छरों पर नियंत्रण और मच्छरदानी का नियमित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने सभी को अवगत कराया कि आगामी 10 से 25 फरवरी तक फाइलेरिया निवारण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षात्मक दवा का सेवन करना अनिवार्य है।

इस अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनगांव की महिला समूहों ने न केवल रैली निकालकर गांव की गलियों में जागरूकता फैलाई, बल्कि दीवार नारा लेखन (वाल राइटिंग) के माध्यम से भी फाइलेरिया मुक्त पंचायत का संदेश दिया। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर लोगों को दवा सेवन के फायदे बताएंगी ताकि कोई भी व्यक्ति इस अभियान से वंचित न रहे। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष प्रयास की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने भी 10 फरवरी से शुरू होने वाले दवा वितरण अभियान में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *