कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने किया बड़े किलेपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण

जगदलपुर, 13 फरवरी 2026/sns/- स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े किलेपाल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रभागों जैसे बाह्य रोगी विभाग, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष और भंडार कक्ष का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों और पैरामैडिकल स्टाफ की रोस्टर अनुसार डयुटी चार्ट का प्रदर्शित किए जाने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने  आवश्यक व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने सहित सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी दौरा किया और वहां मौजूद बच्चों के स्वास्थ्य तथा उन्हे दी जा रही पोषण आहार एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने प्रसव कक्ष में व्यवस्था को बेहतर करने सहित विभिन्न बीमारियों की आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीय चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि क्षेत्र के कई ग्रामीणों के पास राशन कार्ड उपलब्ध नहीं है, जिसकी वजह से उनके आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं और वे मुफ्त इलाज की सुविधा से वंचित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड तत्परता से बनाए जाएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आयुष्मान योजना का सीधा लाभ मिल सके।
इसी कड़ी में उन्होंने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति जांचने के उद्देश्य से आभा कार्ड के निर्माण की भी समीक्षा की और अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *