कृषक उन्नति योजना: होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात

मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को होली से पूर्व बड़ी राहत मिलने जा रही है। 28 फरवरी को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के किसानों से जुड़ेंगे और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की अंतर राशि का एकमुश्त अंतरण किसानों के बैंक खातों में करेंगे। जिले में इस योजना के तहत 01 लाख 05 हजार से अधिक किसानों के खातों में कुल 387 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। सभी विकासखंड मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री चयनित लाभार्थी किसानों से संवाद भी करेंगे। जिले में विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम मुंगेली में कृषि उपज मंडी परिसर, लोरमी में मानस मंच एवं पथरिया में कार्या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी में आयोजित किया जाएगा।
सीसीबी नोडल अधिकारी श्री संतोष ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि लोरमी विकासखंड में 40 हजार 609 किसानों को 133.11 करोड़ रुपये, मुंगेली विकासखंड में 37 हजार 338 किसानों को 142.92 करोड़ रुपये तथा पथरिया विकासखंड में 27 हजार 765 किसानों को 111.53 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और आगामी खेती कार्यों में सहूलियत होगी। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को विकासखंड स्तरीय आयोजनों में छाया, पेयजल, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान कार्यक्रम से जुड़ सकें। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। होली से पहले मिलने वाली यह सौगात किसानों के लिए उत्साह और विश्वास का संदेश लेकर आएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *