शासकीय राशि गबन मामले में पशु चिकित्सा विभाग के सहायक ग्रेड-02 पर एफआईआर दर्ज

अम्बिकापुर, 27 फरवरी 2026/sns/- कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग, अम्बिकापुर जिला सरगुजा में शासकीय राशि के गबन के गंभीर मामले में थाना सिटी कोतवाली अम्बिकापुर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है

उप संचालक डॉ. आर.पी. शुक्ला द्वारा प्रस्तुत आवेदन एवं जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर सहायक ग्रेड-02 एवं प्रभारी लेखा शाखा श्री प्रदीप कुमार अम्बष्ट के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यालयीन अभिलेखों के परीक्षण के दौरान वित्तीय अनियमितता की आशंका पर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं जिला पशु रोगी कल्याण समिति की राशि सहित कुल 1,07,84,340 रुपये (एक करोड़ सात लाख चौरासी हजार तीन सौ चालीस रुपये) शासकीय बैंक खातों में जमा न किए जाने की पुष्टि की गई।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा स्वयं निर्मित पदमुद्रा का उपयोग करते हुए सी.जी.टी.सी./एम.पी.टी.सी. रसीदें जारी की गईं तथा प्राप्त राशि शासकीय खातों में जमा नहीं की गई। बैंक स्टेटमेंट के अवलोकन में उक्त राशि का कोई लेखा-जोखा दर्ज नहीं पाया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली अम्बिकापुर में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *