कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने तुर्की तालाब का फिर किया अवलोकन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 07 मार्च 2026/sns/-जिला मुख्यालय सारंगढ़ के मुख्य सड़क मार्ग के नजदीक तुर्की तालाब का माह भर के समय अंतराल में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने शुक्रवार की शाम को दोबारा अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने तालाब परिसर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सारंगढ़ नगरपालिका को निर्देश दिए। कलेक्टर ने तालाब परिसर की झूलों की मरम्मत कराने, दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने तथा झूलों के पास इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब के चारों ओर लगे पेड़-पौधों और झाड़ियों की सफाई कराने तथा आसपास की नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने तुर्की तालाब का जीर्णोद्धार कराने और तालाब का पानी खाली कर उसकी समुचित सफाई कराने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने तालाब परिसर में पर्याप्त रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चारों ओर सभी लाइटें चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस को तुर्की तालाब क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जर्जर भवनों को तत्काल डिस्टमेंटल कराने को भी कहा।

चौपाटी क्षेत्र में संचालित सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने नगरपालिका को कहा कि यदि दुकानदार सफाई व्यवस्था का पालन नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने के लिए पहले समझाइश देने और नहीं मानने पर जप्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने तुर्की तालाब परिसर को सुव्यवस्थित रखने के लिए रात 9:30 बजे के बाद तालाब का गेट बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही तुर्की तालाब रोड से काली माता मंदिर तक सड़क का डामरीकरण कराने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान सारंगढ़ एसडीएम वर्षा बंसल, नगरपालिका के अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, तहसीलदार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *