अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष

राजनांदगांव, 09 मार्च 2026/sns/-उम्मीदों के जुगनू झिलमिलाते हैं, मन में हौसला हो तो ख्वाब पूरे होते हैं। कुछ ऐसे ही जज्बे और जुनून से राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम खुटेरी की लखपति दीदी श्रीमती अमृता साहू ने अपनी मेहनत एवं लगन से नई राह बनाई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से उन्हें बहुत मदद मिली। जय मां शारदा स्व सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने बचत जमा किया और समूह, ग्राम संगठन तथा कलस्टर संगठन के माध्यम से बैंक से ऋण लेकर सिलाई मशीन खरीदी तथा फैंसी स्टोर प्रारंभ किया। कई तरह की चुनौतियों के बावजूद उद्यमी होने तथा लखपति दीदी बनने का उनका सफर रोचक रहा है। उन्होंने बताया कि सिलाई का कार्य सीखने का फायदा मिला। जिसके कारण आर्डर मिलने लगा। फैंसी स्टोर में श्रृंगार की वस्तुएं, अन्य उपयोगी सामग्री रखने से बिक्री बढऩे से लाभ मिला। उनकी मासिक आय 8 हजार रूपए है तथा वार्षिक आय 1 लाख 20 हजार रूपए है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम होने से बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला रही हूं और परिवार को आर्थिक मदद मिल रही है। स्वयं का व्यवसाय स्थापित होने से गांव में एक विशेष पहचान बनी है। उन्होंने बताया कि वे शासन की योजनांतर्गत राशन कार्ड, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना से भी लाभान्वित हो रही हैं।
लखपति दीदी श्रीमती अमृता साहू ने बताया कि जय मां शारदा स्व सहायता समूह से जुडऩे से पहले वे मजदूरी का कार्य करती थी। उनके पति कृषि कार्य पर निर्भर थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। फैंसी स्टोर खोलने, सिलाई का कार्य प्रारंभ करने से वे आर्थिक रूप से सशक्त हुई है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी मिली तथा बिहान से जुडऩे के बाद विभिन्न तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ मिला। लखपति दीदी श्रीमती अमृता साहू ने कहा कि भविष्य में अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान कराना चाहती है और अपनी आजीविका मूलक गतिविधियों को बढ़ाते हुए कपड़े की दुकान का विस्तार करना चाहती है। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सहयोग मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *