कुष्ठ रोग की पहचान व विकृति रोकथाम हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न,

अम्बिकापुर, 20 मार्च 2026/sns/-  राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय आर.एल.टी.आर.आई. रायपुर के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री अजीत वसंत के  निर्देश पर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अम्बिकापुर में 17 मार्च 2026 को जिला स्तरीय सेमीनार सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. एस. मार्को एवं जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पी. के. सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी चिकित्सा अधिकारी (आयुष) एवं फिजियोथेरेपिस्ट शामिल हुए। प्रशिक्षण में कुष्ठ रोग की समय पर पहचान, उपचार प्रबंधन एवं विकृति रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का संचालन डॉ. कृष्णमूर्ति काम्बले, प्रिंसिपल कंसल्टेंट (एच.ए.जी.) द्वारा किया गया। इसके साथ ही 17 मार्च से 20 मार्च 2026 तक केन्द्र एवं राज्य स्तरीय विशेषज्ञ दल द्वारा विकासखण्ड बतौली, सीतापुर, लखनपुर एवं उदयपुर में कुष्ठ रोगियों का मैदानी सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान उपचार पूर्ण कर चुके एवं उपचाररत मरीजों का व्ही.एम.टी. (वैलिडेशन मॉनिटरिंग टूल) के माध्यम से परीक्षण किया जा रहा है। विशेषज्ञ दल द्वारा नर्व विकृति से प्रभावित मरीजों की पहचान कर उनका सत्यापन किया जा रहा है, ताकि ऐसे मरीजों को आगे के उपचार हेतु आर.एल.टी.आर.आई. रायपुर में रेफर किया जा सके। इस पहल से जिले में कुष्ठ रोग की प्रभावी रोकथाम एवं मरीजों के पुनर्वास में सहायता मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *