जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना को मिली ऐतिहासिक सफलता

राजनांदगांव, 02 अप्रैल 2026/sns/-जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों ने इस योजना को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाकर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशों एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह के मार्गदर्शन में माह अक्टूबर 2025 से ही इस योजना ने तीव्र गति पकड़ी। प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और फील्ड स्तर पर किए गए प्रयासों ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया। जिले में अब तक कुल 9078 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4405 लाभार्थियों ने वेंडर चयन कर लिया है, जबकि 2033 घरों में सौर प्रणाली की स्थापना पूर्ण हो चुकी है। इनमें से 1443 लाभार्थियों को सब्सिडी का भुगतान भी किया जा चुका है, जिससे उन्हें प्रत्यक्ष आर्थिक राहत मिल रही है। योजना से लाभान्वित होने के लिए प्रतिदिन औसतन 25-30 आवेदन प्राप्त हुए और 20 इंस्टॉलेशन किए गए। पिछले माह में 664 नए आवेदन और 449 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए, जो जिले में बढ़ती जागरूकता और जनभागीदारी का प्रमाण है।
सक्रिय प्रशासनिक पहल-
कलेक्टर द्वारा वेंडर्स, बैंक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठक की गईं। इसके अलावा शहरी निकायों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, बिल्डर्स तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ भी विस्तृत बैठक आयोजित की गईं। शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु विशेष निर्देश दिए गए।
गांव-गांव में सूर्य सभा का आयोजन
जिले के सभी विकासखंडों में बड़े पैमाने पर सूर्य सभा आयोजित की गईं। जिनमें ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी गई और वहीं पर तत्काल पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इन सभाओं के माध्यम से हजारों नागरिकों ने हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए।
नागरिकों को सम्मान
कलेक्टर ने ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने एवं सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने की दृष्टि से योजना में सक्रिय भागीदारी करने वाले लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इससे अन्य नागरिकों में भी प्रोत्साहन बढ़ा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनें और अपने घरों को स्वच्छ, सस्ते एवं निरंतर ऊर्जा स्रोत से सशक्त बनाएं। आने वाले महीनों में लक्ष्य है कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से लाभान्वित हो और जिला राजनांदगांव हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी जिले के रूप में स्थापित हो।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *