अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई
रायगढ़, 6 अप्रैल 2026/sns/- सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 अप्रैल को आबकारी वृत्त रायगढ़ (उत्तर) अंतर्गत शिकायत के आधार पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 19.500 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3900 रुपये है, जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान पहले आरोपी दिलीप महापात्रो (उम्र 51 वर्ष), निवासी लोइंग, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़ के कब्जे से 08.500 लीटर महुआ शराब (कीमत 1700 रुपये) बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपी अजय यादव (उम्र 32 वर्ष), निवासी लोइंग, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़ के पास से 11.000 लीटर महुआ शराब (कीमत 2200 रुपये) जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर क्रमशः प्रकरण कायम किया गया है। न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया गया है। आबकारी अधिकारी ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।