महतारी वंदन योजना से चारबाई की गृहस्थी को मिला सहारा
बलौदाबाजार भाटापारा, 06 अप्रैल 2026/sns/-राज्य सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी कड़ी में ग्राम परसाभदेर निवासी चारबाई निषाद के जीवन में इस योजना ने खुशहाली की नई किरण बिखेरी है और गृहस्थी का सहारा बनी है।
चारबाई के पति ललित निषाद पेशे से मजदूर हैं और रोज कमाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय और बढ़ती जरूरतों के बीच घर चलाना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की निश्चित राशि ने उनके परिवार को बड़ी राहत प्रदान की है। चारबाई बताती हैं कि अब उन्हें छोटे-मोटे घरेलू खर्चों और आवश्यक वस्तुओं की खरीदी के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। वह इस राशि का उपयोग सीधे अपने घरेलू कार्यों और घर की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। यह योजना न केवल उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ा रही है। चारबाई ने इस सार्थक पहल के लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि महंगाई के दौर में एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है, जिससे उनकी गृहस्थी गाड़ी अब पहले से अधिक सुचारू रूप से चल रही है।