जिले में लू-हीट वेव से बचाव हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
मुंगेली, 10 अप्रैल 2026/sns/-/ ग्रीष्म ऋतु में संभावित लू-तापघात (हीट वेव) की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन मुंगेली ने व्यापक तैयारी प्रारंभ कर दी है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में आमजनों की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता सुनिश्चित करने तथा जागरूक करने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। भारत सरकार, गृह मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत तहसील एवं ग्राम पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पंचायत सचिवों, कोटवारों और अन्य मैदानी अमले के माध्यम से जनसमुदाय को जागरूक किया जाएगा।
कलेक्टर ने अपर कलेक्टर श्री गिरधारी लाल यादव को लू-तापघात से बचाव एवं राहत कार्यों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। आम नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष क्रमांक 07755-274274 जारी किया गया है। साथ ही नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर 94255-64563 भी सहायता एवं समन्वय हेतु उपलब्ध रहेगा। कलेक्टर ने आमजनों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, सिर को ढककर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम से संपर्क करें।