रायगढ़ के समग्र विकास को नई रफ्तार वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने 9 प्रमुख परियोजनाओं का किया विस्तृत निरीक्षण

रायगढ़, 11 अप्रैल 2026/sns/- प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने शनिवार को जिले के प्रवास के दौरान शहर में संचालित करोड़ों रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कला, संगीत, संस्कृति एवं साहित्य की नगरी रायगढ़ को उसकी मूल पहचान के साथ एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में चल रही 9 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
 निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने दूध डेयरी क्षेत्र में विकसित हो रहे ऑक्सी-जोन, हाईटेक नालंदा लाइब्रेरी, रायगढ़ स्टेडियम परिसर में राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत निर्मित हो रहे स्विमिंग पूल एवं खेल अधोसंरचना, पर्यटन विकास के लिए पहाड़ मंदिर के सौंदर्यीकरण, एसईसीएल द्वारा विकसित मरीन ड्राइव, कायाघाट पुल निर्माण, एसईसीएल स्टॉप डेम (सिंचाई), एफसीआई ऑक्सीजोन तथा फटहामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य शासन द्वारा स्वीकृत इन सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ अपनी मूल पहचान को बनाए रखते हुए तेजी से विकसित शहर की दिशा में अग्रसर है और इन विविध परियोजनाओं के माध्यम से शहर में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में रायगढ़ एक आदर्श विकसित शहर के रूप में स्थापित होगा।
वित्त मंत्री ने शहर की सुंदरता और जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन एनीकट कार्य का भी अवलोकन किया। इस दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री होमेश नायक ने एनीकट निर्माण की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि कुल निर्धारित लंबाई में से लगभग 50 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य 15 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य को 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शहर के भीतर प्रस्तावित जेलपारा एनीकट के जीर्णोद्धार एवं खर्राघाट बैराज निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारणों की जानकारी ली और शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र की सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत पुराने जिंदल पुल से कायाघाट पुल तक विकसित किए जा रहे केलो रिवर फ्रंट परियोजना का भी निरीक्षण किया। लगभग 28.26 करोड़ रुपये की लागत (5 वर्षों के रखरखाव सहित) से संचालित इस परियोजना का कार्य 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जिसका क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत केलो नदी तट का सौंदर्यीकरण, छठ घाट का विकास, नई सड़कों का निर्माण, कियोस्क (दुकानों) की स्थापना, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, कार एवं बाइक पार्किंग, नदी किनारे आकर्षक बोर्ड वॉक (वॉकिंग पाथवे), प्लांटर्स एवं मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र शहर का प्रमुख पर्यटन और आकर्षण केंद्र बनेगा।
 उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा रायगढ़ शहर को पूर्ण विकसित शहर के रूप में विकसित करने हेतु स्वीकृत इन कार्यों का वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी समय-समय पर स्वयं निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करते रहते हैं, जिससे कार्यों में गुणवत्ता और गति बनी रहे। निरीक्षण कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री मुकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, निगम आयुक्त श्री ब्रजेश क्षत्रिय, निगम के कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया, अनुविभागीय अधिकारी (जल संसाधन) तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author