जनगणना 2027 प्रथम चरण 1 मई 2026 से प्रारंभ
राजनांदगांव, 13 अप्रैल 2026/sns/-भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 की तैयारियाँ पूरे देश में तेजी से जारी हैं। जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 1 मई 2026 से पूरे देश में एक साथ प्रारंभ होगा। जनगणना कार्य को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक पैमाने पर जन-जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। विभिन्न माध्यमों से नियमित प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिनमें मुनादी, घोषणाएँ, पोस्टर-बैनर, सोशल मीडिया संदेश, स्थानीय कार्यक्रमों में जानकारी, तथा ग्राम व वार्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपील शामिल है। जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, आवास, मूलभूत सुविधाओं तथा सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित आवश्यक आँकड़े एकत्र किए जाएँगे। ये आँकड़े आने वाले वर्षों में विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा सार्वजनिक सेवाओं में सुधार के लिए आधार बनेंगे।