प्रधानमंत्री जनमन योजना ने बदली रनियारो की दुनियाः टपकती छत से मिली मुक्ति
अम्बिकापुर, 14 अप्रैल 2026/sns/- विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) समूहों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित ’प्रधानमंत्री जनमन योजना’ सरगुजा जिले के सुदूर अंचलों में रहने वाले पहाड़ी कोरवा परिवारों में सकारात्मक बदलाव ला रही है। जिले अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मलगवां खुर्द की श्रीमती रनियारो बाई जैसे कई परिवारों के लिए, जिनके पास पक्के मकान की कल्पना करना भी कठिन था, आज यह योजना उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा लेकर आई है।
कच्चे घर के संघर्षों का हुआ अंत बना पक्का मकान
विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवार की श्रीमती रनियारो ने बताया कि “मिट्टी का घर होने के कारण बरसात में छत से पानी टपकता था और तेज धूप के कारण घर तपता था। हम लोग गरीब हैं, पति मजदूरी करते हैं। हमारी आमदनी इतनी नहीं थी कि हम कभी स्वयं का पक्का मकान बनवा सकें।
पूरा हुआ पक्के मकान का सपना
रनियारो ने कहा कि पक्का मकान उनके परिवार के लिए एक बड़ा सपना था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जनमन योजना के जरिए हमें पक्का आवास दिया है, जिससे हमारा बरसों पुराना सपना अब सच हो गया है। अब मैं और मेरे दो बच्चे अपने घर में सुरक्षित महसूस करते हैं। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का बहुत-बहुत हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ।
बहुआयामी लाभ से सशक्त हो रही महिलाएं
रनियारो के परिवार को केवल सिर पर छत ही नहीं मिली है, बल्कि शासन की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। उन्हें ’महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनकी छोटी-मोटी जरूरतें पूरी हो रही हैं। साथ ही, ’प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के तहत गैस कनेक्शन मिलने से अब रसोई के धुएं से राहत मिली है और खाना बनाना सुगम हो गया है।